राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा : बिना डिग्री संचालित अवैध क्लीनिक पर कार्यवाही की गई
Thu, May 1, 2025
राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बिना डिग्री संचालित अवैध क्लीनिक पर कार्यवाही की गई
झाबुआ 01 मई 2025। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बिना डिग्री संचालित अवैध क्लीनिक पर कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के अंतर्गत तहसील थांदला के सुतरेटि ग्राम में महेश परमार नामक व्यक्ति बिना किसी डिग्री व बिना लाइसेंस के एलोपैथिक ईलाज करते पाया गया। संयुक्त टीम के द्वारा विधिवत कार्यवाही कर पंचनामा व प्रतिवेदन तैयार किया गया व एलोपैथिक दवाईयों को भी जप्त किया गया एवं संबंधित के खिलाफ थाना थांदला में एफआईआर दर्ज की गई।
संयुक्त टीम में प्रभारी तहसीलदार श्री पलकेश परमार, ब्लॉक मेडिकल अफसर श्री डावर, पुलिस अधिकारी व अन्य कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।
एसडीएम थांदला ने समग्र ई केवायसी कैम्प का निरीक्षण किया : संतोष जनक प्रगति नहीं होने पर सचिव और रोजगार सहायक का वेतन काटने के दिए निर्देश
Fri, Apr 18, 2025
झाबुआ 18 अप्रैल 2025। थांदला अनुभाग मे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री तरूण जैन के द्वारा थांदला जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों मे आयोजित समग्र ई केवायसी कैम्प का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत झारनी मे समग्र ई केवायसी की प्रगति मात्र 36 प्रतिशत होने एवं विगत 15 दिवस की मात्र 12 समग्र ई केवायसी की प्रगति एवं अपेक्षित प्रयास नहीं किये जाने के कारण असंतोष व्यक्त किया जाकर ग्राम पंचायत के प्रभारी सचिव श्री दिलीप डामोर का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिये गये।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत झोसली के भ्रमण के दौरान समग्र ई केवायसी में प्रगति 15 दिवस मे मात्र 05 ई केवायसी की गई , प्रगति संतोष जनक नहीं होने एवं अपेक्षित प्रयास नहीं किये जाने के कारण ग्राम पंचायत सचिव सोनिया डामोर का 15 दिवस का वेतन एवं ग्राम रोजगार सहायक श्री रतनसिंह डामोर का 07 दिवस का वेतन कटोत्रा करने के निर्देश दिये गये है।
भ्रमण के दौरान जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री देवेन्द्र बराडिया व पंचायत समन्वयक अधिकारी श्री कलसिंह डामोर उपस्थित रहे।