पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने श्रम शोषण के खिलाफ खोला मोर्चा, 3 दिन में : कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी
जावेद शीशगर
Mon, Apr 13, 2026
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने श्रम शोषण के खिलाफ खोला मोर्चा, 3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी
गाडरवारा। ग्राम कौड़िया स्थित सूबेदार आर.बी. लाल फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप संचालक पर श्रम कानूनों के गंभीर उल्लंघन, वेतन हेराफेरी और आर्थिक शोषण के आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी को कठोर शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे प्रतिदिन 12-12 घंटे कार्य कराया जाता है, जबकि नियमानुसार 8 घंटे ड्यूटी निर्धारित है। इसके बावजूद उन्हें मात्र 9 से 10 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पीएफ, ईएसआई, साप्ताहिक अवकाश और मासिक छुट्टियों जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है।
सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि कर्मचारियों के बैंक खातों में 14 हजार रुपये जमा कराकर 4 हजार रुपये वापस नकद लिए जाते हैं, जिसे कर्मचारियों ने वेतन हेराफेरी और आर्थिक अनियमितता बताया है।

कर्मचारियों के अनुसार, जब उन्होंने 8 घंटे ड्यूटी, उचित वेतन और पीएफ की मांग उठाई, तो संचालक द्वारा उन्हें काम से हटा दिया गया और सेवा समाप्ति की धमकी दी गई।
शिकायत में कर्मचारियों ने संचालक के खिलाफ तत्काल जांच, पुनः सेवा में बहाली, वेतन रजिस्टर और बैंक लेनदेन की जांच सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे क्रमिक भूख हड़ताल और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पंप प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
शिकायत पर हस्ताक्षर करने वालों में भाई जी किरार, छोटेलाल मेहरा, राहुल बंगार, सूरज मेहरा, वीरेंद्र मेहरा, राहुल धानक, कृष्णकांत जाटव एवं मोहित गोस्वामी सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
ब्यूरो चीफ़ नरसिंहपुर ओमप्रकाश मेहरा
Tags :
Gadarwada
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन